इन्हें कब मिलेगा इंसाफ: निर्भया कांड की तरह गोरखपुर की 96 पीडि़ताओं के मामले में भी इंसाफ की मांग हुई तेज
सात साल बाद दिल्ली की निर्भया को न्याय मिल गया। उसके गुनहगारों को 22 जनवरी को फांसी दी जाएगी। पर गोरखपुर में बच्चियों के साथ हैवानियत करने वाले गुनहगारों को कब सजा मिलेगी।
गोरखपुर में इस साल अब तक 96 नाबालिग और बालिग युवतियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें आधी से अधिक घटनाएं नाबालिग के साथ घटित हुई हैं। 96 मुकदमों में 196 आरोपितों के नाम सामने आए हैं। 44 में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर चुकी है जबकि 55 मुकदमों की अभी विवेचना चल रही है। आरोपियों में से 120 को ही पुलिस गिरफ्तार कर पाई है जबकि दस ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। 66 आरोपियों की अभी भी पुलिस को तलाश है। पकड़े गए तथा सरेंडर करने वाले आरोपियों में से 18 ने जमानत हासिल कर ली थी हालांकि पुलिस ने नौ की जमानत निरस्त कराकर दोबारा उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
975 केस पॉक्सो कोर्ट की अदालतों में लम्बित
निर्भया कांड के बाद बच्चियों के साथ होने वाली घटनाओं को रोकने में नए कानून में पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाई गई। इसमें उम्रकैद और फांसी तक की सजा का प्रावधान रखा गया। ताकि आरोपियों को सजा हो और बच्चियों की तरफ बुरी नजर से देखने वालों की रूह कांप जाए। 2013 में नए कानून ने अपना काम भी शुरू कर दिया। एफआईआर दर्ज होने लगीं। आंकड़ों के मुताबिक गोरखपुर में 975 पॉक्सो के केस अदालतों में लम्बित हैं। अभी उन पर फैसला आना बाकी है।
रेप के तीन साल के आंकड़े
- 2017 में 118 केस 110 में चार्जशीट, 8 में फाइनल रिपोर्ट, 2 को सजा
- 2018 में 145 केस 135 में चार्जशीट, 10 में अभी चल रही विवेचना
- 2019 में 96 केस 44 में चार्जशीट, 2 में एफआर, 55 विवेचनाधीन
कुछ अहम मामले
14 जून 1019
सिकरीगंज क्षेत्र में सात साल की बच्ची का पहले अपहरण फिर रेप के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पड़ोस के गांव के आरोपित विनोद राय को गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में वह जेल में बंद है।
18 जून 2019
चिलुआताल क्षेत्र के फर्टिलाइजर के पास रात में अकेले दुकान पर मौजूद 10 साल की बच्ची के साथ बोलेरो चालक ने हैवानियत की कोशिश की। तकरीबन 15 दिन चले उपचार के बाद उसे अस्पताल से छोड़ा गया। आरोपी अभी जेल में है।
22 जून 2019
सिकरीगंज इलाके में आठ साल की बच्ची के साथ 45 साल के रिश्ते में जीजा लगने वाले एक व्यक्ति ने हैवानियत की। सुबह जब घरवालों को जानकारी हुई तो उन्होंने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी जेल की सलाखों के पीछे है।