यूपी सरकार के तीन साल पूरे होने पर देवरिया में प्रभारी मंत्री ने कही ये बात
देवरिया के प्रभारी मंत्री श्रीराम चौहान ने प्रदेश सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि योगी सरकार में प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार व अराजकता से मुक्ति मिली है। बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। सरकार के कार्यो से व्यापक पैमाने पर रोजगार मिल रहा है।
प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर देवरिया के विकास भवन में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए श्री चौहान ने प्रदेश सरकार के कार्यो को गिनाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के समय प्रदेश का खजाना खाली था। अराजकता, भ्रष्टाचार, अपराध का बोलबाला था। लोग प्रदेश से पलायन कर रहे थे। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अभियान चलाकर सपा सरकार के भ्रष्टाचार व बेईमानी पर प्रभावी तरीके से रोक लगाया।
खजाने को सुदृढ किया। अपराधियो पर प्रभावी रोक लगाया। इन्वेस्टर सम्मिट कर लोगो को निवेश के लिए आमंत्रित किया। सरकार के प्रयास से 4.68 लाख करोड़ के निवेश का प्रस्ताव विभिन्न समूहों ने दिया तथा 371 परियोजनाओं पर कार्य शुरु हो गया है।
उन्होंने सरकार के कार्यो पर विस्तार से चर्चा की और कोरोना से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की। इसके पूर्व प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए कोरोना से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।